Sat. Apr 19th, 2025

उत्तरकाशी: राज्य स्थापना दिवस के दिन मुफ्त में करें गर्तांगली की सैर

अभिज्ञान समाचार/ उत्तरकाशी। 17 वी सदी में चट्टानों को काटकर बनाई गई गर्तांगली इस बार राज्य स्थापना दिवस के दिन सभी के लिए खोली जाएगी इस दिन पर्यटक और स्थानीय लोग यहां निशुल्क सैर कर सकेंगे। इस बारे में जिलाधिकारी उत्तरकाशी मयूर दीक्षित ने विभिन्न विभागों और उनके अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस को उत्तराखंड महोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाने को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सैकड़ों वर्ष पुरानी गर्तांगली को पर्यटकों के लिए निशुल्क खोलने के निर्देश दिए गए। हाल ही में विकसित इस गली को पर्यटन के लिहाज से रोमांचक माना जाता है। बताते चलें की इस स्थान को 17 वी शताब्दी में पठानों ने व्यापार के लिए चट्टान काटकर बनाया था। उत्तरकाशी जनपद में स्थित यह जगह समुद्र तल से 10,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। 140 मीटर लंबे सीढीनुमा मार्ग पर जाकर पर्यटक रोमांचित हो उठते हैं। 1962 से पहले भारत तिब्बत के बीच व्यापार इसी रास्ते से किया जाता था। बताया जाता है कि उस दौरान नेलांग घाटी व्यस्ततम व्यापार मार्गों में से एक थी। भारत और चीन के युद्ध के बाद यहां से व्यापारिक आवाजाही बंद कर दी गई। 1975 के बाद सेना ने भी इस रास्ते का इस्तेमाल करना बंद कर दिया। इस कारण इसकी सीढ़ियां जर्जर होती चली गई। बीते जून माह में इसे फिर से तैयार करने की प्रक्रिया आरम्भ हुई। अगस्त माह में इसे आवाजाही के लिए फिर से खोल दिया गया। आज पर्यटन की दृष्टि से गर्तांगली एक व्यस्ततम पर्यटन स्थल के रूप में उभर रहा है। 9 नवंबर को स्थापना दिवस पर लोग यहां मुफ्त जा सकेंगे। जबकि सामान्य दिनों में यहां जाने के लिए ₹150 शुल्क के तौर पर देने होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *