Wed. Feb 4th, 2026

13 महिलाओं को तीलू रौतेली और 33 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिला सम्मान

देहरादून : आईआरडीटी सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने तीलू रौतेली पुरस्कार और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर प्रदेश की 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 33 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का ऐतिहासिक कदम उठाया है। साथ ही समान नागरिक संहिता लागू करके महिलाओं को बराबरी का अधिकार सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहेगी।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 1661 के दौर में तीलू रौतेली ने वीरांगना और सशक्त महिला के रूप में जो मिसाल पेश की, वह आज भी प्रेरणा देती है। उन्होंने बताया कि सरकार ने तीलू रौतेली पुरस्कार की धनराशि को 11 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपए कर दिया है। इसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय भी बढ़ाया गया है।

रेखा आर्या ने आगे कहा कि महिला सारथी योजना और एकल महिला स्वरोजगार योजना के जरिए महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना में यह सुनिश्चित किया गया है कि बालिका खिलाड़ियों को भी बराबर सहायता राशि दी जाए।

इस अवसर पर राजपुर विधायक खजान दास, विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *