Wed. Feb 4th, 2026

गढ़वाल-कुमाऊं की कनेक्टिविटी मजबूत करेगा 150 मीटर लंबा सिंगटाली पुल

देहरादून  : गढ़वाल और कुमाऊं को आपस में जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल के निर्माण कार्य की राह अब पूरी तरह साफ हो चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना के लिए 57 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। लंबे समय से अटके इस पुल के निर्माण को लेकर स्थानीय जनता लगातार मांग उठाती रही थी, और अब उम्मीद जताई जा रही है कि बहुत जल्द इसका काम शुरू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुरूप पौड़ी जिले की यमकेश्वर विधानसभा में प्रस्तावित इस पुल को हरी झंडी दे दी है। शासन ने मंगलवार को इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को विधिवत आदेश जारी कर दिए हैं। कौडियाला–व्यासघाट मोटर मार्ग के किलोमीटर 01 पर गंगा नदी पर बनने वाले इस पुल की कुल लंबाई 150 मीटर होगी। इसकी लागत 57 करोड़ 5 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई व्यय–वित्त समिति की बैठक में पहले ही इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी थी, और अब शासनादेश जारी होने के बाद निर्माण की सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं।

सिंगटाली पुल की मांग स्थानीय जनता और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा वर्षों से की जा रही थी। गढ़वाल और कुमाऊं के बीच आवागमन के लिए यह पुल अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। पुल बनने से दोनों मंडलों के बीच सड़क संपर्क न केवल सुगम और सुरक्षित होगा बल्कि आपसी आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते भी और अधिक प्रगाढ़ होंगे। इस पुल से पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका में सुधार की संभावना है।

सरकार का कहना है कि अब निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी और निर्धारित समयसीमा के भीतर पुल को जनता को समर्पित करने का प्रयास होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है और इसी दिशा में यह पुल एक महत्वपूर्ण कदम है। जनता को बरसों से जिस पुल का इंतजार था, वह सपना अब पूरा होने के करीब है और जल्द ही गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग हकीकत बन जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *