Sun. Jun 8th, 2025

डॉ. अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि: गणेश जोशी

मसूरी: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में मसूरी के मालरोड स्थित अंबेडकर चौक पर पुष्पांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों, मेधावी छात्रों एवं पर्यावरण मित्रों को प्रदेश के कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन भारतीय दलित साहित्य अकादमी द्वारा किया गया, जिसमें अध्यक्ष सुनील सोनकर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके विचारों को धरातल पर उतारने का कार्य कर रहे हैं—चाहे वह स्मारक निर्माण हो, जन्मस्थली का विकास हो या लंदन में शिक्षण संस्थानों की स्थापना हो। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग 60 वर्षों तक उनके नाम पर सत्ता में रहे, उन्होंने कोई ठोस कार्य नहीं किया।

कार्यक्रम में पद्मश्री माधुरी बड़थ्वाल, डॉ. खजान सिंह चौहान, वृक्षमित्र डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी, डॉ. ज्योति मारवाह एवं रमेश चमोली को डॉ. भीमराव अंबेडकर फैलोशिप सम्मान से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त डॉ. यतेन्द्र सिंह एवं डॉ. अरविंद राणा सहित 40 पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के 31 मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओ.पी. उनियाल, मनमोहन मल्ल, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री कुशाल राणा, अरविंद सेमवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *