Sat. Feb 14th, 2026

हत्याकांड के बाद जिलेभर में नाकेबंदी, मुठभेड़ में दो आरोपियों की गिरफ्तारी

देहरादून : हाल ही में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शूटर और उसके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के साथ हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान उनके पैरों में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया था। शहर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बदमाश दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा रोकने की कोशिश किए जाने पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।

इसी बीच लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में भी चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह नहीं रुका। वह स्कूटी मोड़कर पास की एक खंडर पड़ी फैक्ट्री में घुस गया और वहां से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे भी गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दोनों आरोपियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत पर पुलिस नजर बनाए हुए है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ के दौरान दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *