Sat. Feb 14th, 2026

प्रदेश में अपराध चरम पर, सरकार पूरी तरह विफल: गणेश गोदियाल

देहरादून: प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेताओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए और विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस मुख्यालय पहुंच गए। सुभाष रोड पर लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़कर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत अन्य नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और सरकार स्थिति संभालने में असफल साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि गुंजन हत्याकांड, अर्जुन हत्याकांड और अब विक्रम शर्मा की हत्या ने राजधानी देहरादून की शांति और सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पॉश इलाके में गिने जाने वाले राजपुर रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुई गोलीबारी की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। लगातार 11 दिनों के भीतर दिनदहाड़े हुई यह तीसरी हत्या है, जिससे आम लोगों के मन में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

घटना की खबर फैलते ही शहर के लोगों में चिंता और आक्रोश देखने को मिला। जो शहर अपनी शांत फिजा और सुरक्षित माहौल के लिए जाना जाता था, वहां इस तरह की लगातार हो रही हत्याओं ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए। लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस का डर खत्म होता दिखाई दे रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *