Thu. Feb 5th, 2026

देहरादून गुंजन हत्याकांड: दो दिन से हथियार लेकर घूम रहा था आरोपी, पत्नी ने पहले ही दी थी चेतावनी

देहरादून।दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े हुई गुंजन की निर्मम हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। हत्या का आरोपी आकाश पिछले दो दिनों से धारदार हथियार लेकर खुलेआम घूम रहा था। इस बात की जानकारी 31 जनवरी को ही आकाश की पत्नी ने गुंजन के परिजनों को फोन करके दे दी थी।

गुंजन के चचेरे भाई अंश ने बताया कि आरोपी की पत्नी ने उन्हें आगाह किया था कि आकाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। इसके बावजूद समय रहते इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस ने पहले दी गई शिकायत पर सख्ती दिखाई होती, तो शायद गुंजन की जान बचाई जा सकती थी।

जानकारी के अनुसार, आरोपी आकाश पहले भी गुंजन को लगातार परेशान कर रहा था। इस संबंध में गुंजन ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी, जहां दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया था। इसके बाद भी आकाश गुंजन से संपर्क करने की कोशिश करता रहा और कई बार जान से मारने की धमकी देता रहा।

परिजनों ने आरोप लगाया कि आकाश ने फिल्मी अंदाज़ में धमकी दी थी कि अगर गुंजन उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसकी हत्या कर देगा। सोमवार को उसने इस धमकी को अंजाम देते हुए चापड़ से हमला कर दिया, जिससे गुंजन की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला और दूल्हा बाजार बंद कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि जांच टीम हर पहलू की गहनता से जांच करेगी और जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *