Wed. Feb 18th, 2026

धमकी भरे मेल से दून कोर्ट खाली, पुलिस ने संभाला मोर्चा

देहरादून : जिला न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिला जज कार्यालय को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया और वहां मौजूद सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

सूचना मिलते ही प्रमेंद्र डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बम निरोधक दस्ता और जांच एजेंसियों ने परिसर के हर हिस्से की सघन तलाशी शुरू की। पुलिस ने कोर्ट परिसर को घेरकर किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया।

इस संबंध में देहरादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि धमकी भरा मेल सीधे जिला जज कार्यालय को भेजा गया था। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी को तुरंत बाहर निकाला गया और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

यह घटना अकेली नहीं है, बल्कि इससे पहले भी प्रदेश के कई न्यायालयों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल के जिला न्यायालय परिसरों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी जा चुकी है। हालांकि अब तक हुई जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है।

इन घटनाओं के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और धमकी देने वाले की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। शुरुआती जांच में इसे असामाजिक तत्वों की शरारत भी माना जा रहा है, लेकिन पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है और साइबर टीम ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *