दून जिला न्यायालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कर चला सर्च ऑपरेशन
देहरादून : जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जिला जज को ई-मेल के माध्यम से भेजी गई धमकी के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की संयुक्त टीमों ने कोर्ट भवन और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान न्यायालय परिसर के हर कमरे, गलियारे और कोनों की गहन जांच की गई। इस दौरान न्यायाधीश, अधिवक्ता, कर्मचारी और अन्य मौजूद लोगों को बाहर सुरक्षित स्थान पर रखा गया। तलाशी अभियान के बाद पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और न्यायालय का कामकाज धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर में सी-4 और नाइट्रेट से बने पांच बम लगाए गए हैं, जो सुबह 11:15 बजे विस्फोट करेंगे। मेल में यह भी लिखा गया था कि यदि बम स्वतः नहीं फटते तो हमलावर परिसर में घुसकर खुद को उड़ा लेंगे। इस धमकी के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय किया गया और पूरे परिसर को खाली कराकर जांच शुरू की गई।
धमकी भरे पत्र में विवादास्पद राजनीतिक और सामाजिक टिप्पणियां भी लिखी गई थीं। मेल के अंत में Inter-Services Intelligence, Liberation Tigers of Tamil Eelam और Dravida Munnetra Kazhagam के नामों का उल्लेख किया गया, हालांकि पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम को ई-मेल की जांच और स्रोत का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी देहरादून समेत नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग के न्यायालय परिसरों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।