Wed. Feb 4th, 2026

अफगानिस्तान में भूकंप : भूकंप से 1,400 से ज्यादा लोगों की मौत, 2,500 घायल

भारत ने मंगलवार को अफगानिस्तान में भूकंप प्रभावित लोगों की मदद के लिए 21 टन राहत सामग्री भेजी। रविवार देर रात आए 6.0 तीव्रता के भूकंप ने पूर्वी अफगानिस्तान में भारी तबाही मचाई, जिसमें अब तक 1,400 से ज्यादा लोगों की मौत और 2,500 से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारतीय भूकंप सहायता हवाई मार्ग से काबुल पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस राहत सामग्री में कंबल, टेंट, स्वच्छता किट, जल भंडारण टैंक, जनरेटर, रसोई के बर्तन, ‘पोर्टेबल वाटर प्यूरीफायर’, ‘स्लीपिंग बैग’, आवश्यक दवाइयां, व्हीलचेयर, हैंड सैनिटाइज़र, जल शोधन गोलियां और चिकित्सा उपभोग्य सामग्री शामिल हैं।

जयशंकर ने कहा कि भारत जमीनी हालात पर करीबी नजर रख रहा है और जरूरत के मुताबिक आने वाले दिनों में और मानवीय सहायता भेजी जाएगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अफगानिस्तान की इस आपदा पर दुख जताते हुए कहा था कि भारत प्रभावित लोगों को हर संभव मानवीय सहयोग प्रदान करने के लिए तैयार है।अफगानिस्तान में राहत और बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन तबाही के पैमाने को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से लगातार मदद की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *