Thu. Feb 5th, 2026

लखनऊ–कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर, एक ही परिवार के चार लोगों की गई जान

उन्नाव : जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लखनऊ–कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस भीषण एक्सीडेंट में एक दंपति और उनके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह दुर्घटना बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे सोहरामऊ थाना क्षेत्र में भल्ला फार्म के पास हुई। लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहे एक ट्रक ने आगे चल रहे दूसरे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश में वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी।

इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सामने चल रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दोपहिया वाहन पर सवार दंपति और उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

हसनगंज क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ परिवार एक शादी समारोह से लौट रहा था। मृतकों की पहचान उन्नाव जिले के अजगैन गांव निवासी वीरेंद्र (35), उनकी पत्नी रितु (33), उनकी नौ वर्षीय बेटी और छह वर्षीय बेटे के रूप में हुई है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।

इस हादसे के बाद लखनऊ–कानपुर नेशनल हाईवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि देर रात ट्रकों की तेज रफ्तार और खतरनाक ओवरटेकिंग के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने हाईवे पर पुलिस गश्त बढ़ाने और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *