खुशियां मातम में बदलीं, गहरी खाई में समा गई नवविवाहित जोड़ी
पिथौरागढ़ : घाट-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे दंपती की जान चली गई। हादसा चुपकोट बैंड के पास उस समय हुआ जब उनकी एसयूवी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार बजेटी निवासी 38 वर्षीय योगेश कुमार, पुत्र स्वर्गीय जीवन राम, अपनी 26 वर्षीय पत्नी निधि राज के साथ वाहन संख्या यूके 06 एज़ेड-8788 से पहले गंगोलीहाट गए थे। वहां से वे एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लोहाघाट पहुंचे। समारोह से लौटते समय शाम करीब पौने छह बजे घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर चुपकोट बैंड के पास वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घाट चौकी इंचार्ज जितेंद्र सोराड़ी, राजस्व पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अंधेरा होने और खाई की गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों के शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
तहसीलदार विजय गोस्वामी ने दंपती की मौत की पुष्टि की। बताया गया कि योगेश और निधि राज का विवाह वर्ष 2021 में हुआ था। निधि राज का हाल ही में नगर पालिका छावनी परिषद रानीखेत से हल्द्वानी स्थानांतरण हुआ था, जबकि योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग पिथौरागढ़ में कार्यरत थे। खुशहाल दांपत्य जीवन जी रहे इस युवा दंपती की असामयिक मृत्यु से परिजनों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त है।