Tue. Feb 10th, 2026

दिल दहला देने वाली घटना, एक ही परिवार के पांच लोगों ने की सामूहिक आत्महत्या

मथुरा : महावन क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहरीला पदार्थ खाकर सामूहिक आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है।

यह हृदयविदारक घटना तहसील महावन क्षेत्र के ग्राम खप्परपुर की बताई जा रही है। यहां रहने वाले 35 वर्षीय किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटियां हनी और प्रियांशी तथा दो वर्षीय बेटे पंकज के शव उनके घर के अंदर मिले। बताया जा रहा है कि पूरा परिवार घर के भीतर अलग-अलग स्थानों पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर को सील कर फोरेंसिक जांच भी शुरू कर दी है।

पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आत्महत्या से पहले मनीष द्वारा सुसाइड नोट लिखा गया था। साथ ही घर की दीवार पर भी कुछ शब्द लिखे मिले हैं, जिनमें लिखा है कि ‘अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।’ हालांकि इन शब्दों से भी आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और भाषा की भी जांच कर रही है।

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार मनीष की शादी करीब आठ साल पहले सादाबाद क्षेत्र के मड़नई गांव से हुई थी। मनीष के दो भाई भी हैं, जो उसी गांव में अलग-अलग मकानों में रहते हैं। मनीष अपने परिवार के साथ इसी घर में रहकर खेती-किसानी करता था। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार सामान्य जीवन जी रहा था और हाल के दिनों में किसी बड़े विवाद या परेशानी की जानकारी नहीं थी, जिससे यह घटना और भी रहस्यमयी बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *