Wed. Feb 4th, 2026

उत्तरकाशी में लगातार बारिश से भू-धंसाव और भूस्खलन की घटनाएं तेज

उत्तरकाशी जिले के हर्षिल क्षेत्र में तेलगाड के मुहाने पर पहाड़ टूटने से नदी का प्रवाह रुक गया है। पहाड़ टूटने से पहले उसमें मलबा और पानी बहकर आया, जिसके कारण मुहाने पर पानी रुक गया है और ऊपर झील बनने का खतरा मंडरा रहा है। इस घटना से हर्षिल और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने हर्षिल और निचले इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने और अलर्ट रहने की अपील की है।

लगातार बारिश के चलते उत्तरकाशी जिले में भू-धंसाव और भूस्खलन की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। कई गांवों में ग्रामीणों के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है ताकि जनहानि और नुकसान को रोका जा सके।

सामाजिक कार्यकर्ता पूरण सिंह रावत ने बताया कि बड़कोट नगरपालिका क्षेत्र के छाटांगा में आधे दर्जन से ज्यादा घरों के आंगन भू-धंसाव की चपेट में आ चुके हैं। लगातार बारिश से हालात और बिगड़ रहे हैं। ग्रामीण भय के माहौल में जी रहे हैं और कई लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर रात गुजारने को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सुरक्षात्मक उपाय नहीं किए तो और भी मकान खतरे में आ सकते हैं।

इसी तरह मदेश गांव के लोग भी दहशत में हैं। गांव के आगे और पीछे से भूस्खलन हो रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य अमिता पंवार ने बताया कि गांव के नीचे से बह रही सहायक नदी का कटाव भी खतरा बढ़ा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो पूरा गांव संकट में आ सकता है। अमिता पंवार ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सुरक्षात्मक कार्य करने की मांग की है ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *