नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस का अधिकारी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में गिरफ्तार
देहरादून : भ्रष्टाचार के एक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सांख्यिकी विभाग के एक अधिकारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जो देहरादून स्थित नेशनल स्टेटिस्टिकल ऑफिस में सीनियर अधिकारी के पद पर तैनात थे।
सीबीआई को यह कार्रवाई एक टैक्स एडवोकेट की शिकायत के आधार पर करनी पड़ी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वह अपने एक क्लाइंट की कंपनी बीएस इंडस्ट्रीज के टैक्स संबंधी कार्य देखते हैं। कंपनी को एनुअल सर्वे ऑफ इंडस्ट्रीज (एएसआई) के तहत वार्षिक रिटर्न दाखिल करनी थी, जो सांख्यिकी विभाग के माध्यम से की जाती है। आरोप है कि रिटर्न तैयार करने और उसे जमा कराने के बदले संजय कुमार ने पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने व्हाट्सएप के जरिए एक मोबाइल नंबर भेजा और उसी नंबर पर यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर करने को कहा। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि होने पर सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।इसके बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को ट्रैप किया और पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।