अशासकीय विद्यालय विवाद ने लिया हिंसक रूप, शिक्षा निदेशक पर जानलेवा हमला
देहरादून : ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय में उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब अशासकीय विद्यालयों से जुड़े विवाद के दौरान प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में निदेशक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि अशासकीय विद्यालय प्रबंधन से जुड़े कई प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर निदेशालय पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी विभागीय कर्मचारियों के साथ तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते यह बहस विवाद में बदल गई और स्थिति बेकाबू हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने गुस्से में आकर निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हमला कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरान उमेश शर्मा काऊ भी मौके पर मौजूद थे और वे ही प्रबंधन से जुड़े लोगों को निदेशालय लेकर पहुंचे थे। घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घायल निदेशक को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में नाराजगी और चिंता का माहौल बना हुआ है।