Thu. Feb 5th, 2026

लोक भवन में शपथ ग्रहण: खेमचंद सिंह बने मणिपुर के नए मुख्यमंत्री

मणिपुर : युमनाम खेमचंद सिंह ने मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। लोक भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल अजय भल्ला ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री बनने से एक दिन पहले नई दिल्ली में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया था। इस बैठक में भाजपा के 37 विधायकों में से 35 विधायक उपस्थित थे। साथ ही पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुघ, पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा और मणिपुर भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ए शारदा देवी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने कहा कि मणिपुर ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में 36 समुदाय रहते हैं और उनकी सरकार सभी को साथ लेकर चलने के साथ-साथ मणिपुर में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण स्थापित करने के लिए काम करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में स्थिरता और विकास उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

मुख्यमंत्री के साथ ही कुकी समुदाय से भाजपा विधायक नेमचा किपगेन ने मणिपुर की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से शपथ ग्रहण किया। इसके अलावा नागा पीपुल्स फ्रंट के विधायक एल. डिखो ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इन नियुक्तियों को राज्य के विभिन्न समुदायों को प्रतिनिधित्व देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

राजनीति के अलावा युमनाम खेमचंद सिंह का खेल जगत से भी गहरा जुड़ाव रहा है। वे ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट धारक हैं और भारतीय ताइक्वांडो महासंघ के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं। पूर्वोत्तर भारत में इस खेल को बढ़ावा देने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। 62 वर्षीय खेमचंद सिंह ने वर्ष 2017 में इम्फाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में विधानसभा में प्रवेश किया था। एन. बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली पहली भाजपा सरकार के दौरान वे मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए।

वर्ष 2022 में उन्होंने बीरेन सिंह की दूसरी सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नगर प्रशासन, आवास एवं शहरी विकास (एमएएचयूडी), ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज तथा शिक्षा जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी निभाई। प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक पकड़ के साथ खेमचंद सिंह से मणिपुर में शांति, विकास और समावेशी शासन की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *