Wed. Feb 4th, 2026

डोईवाला में प्रस्तावित 50 शैय्यायुक्त अस्पताल भवन के निर्माण में तेजी के आदेश

देहरादून : माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत जी के दिशा निर्देशानुसार मंगलवार 3 फरवरी 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ0 मनोज कुमार शर्मा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की ससमय उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मरीजों एवं तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो। चिकित्सालय परिसर, प्रतीक्षा स्थल एवं वार्डों में साफ सफाई का विशेष ध्यान दें। वार्डों में हीटर एवं गर्म पानी की व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छ बेड शीट, कंबल आदि की व्यवस्था रहे। मरीजों के लिए भोजन की गुणवत्ता पर ध्यान दें। इस अवसर पर डॉ0 मनोज कुमार शर्मा द्वारा आपात चिकित्सा सेवाओं सहित आईपीडी सेवाओं का भी जायजा लिया गया।

सीएमओ द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला में प्रस्तावित 50 शैय्यायुक्त चिकित्सालय भवन के निर्माण के संबंध में समीक्षा बैठक ली गई, जिसमें उनके द्वारा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सालय भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए।

इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला पहुंचे। यहां पर उनके द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टाइप ए के नवीन भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भवन में कुछ कमियां पाई गई। इसके संबंध में उनके द्वारा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इन कमियों को अभिलंब दूर करते हुए हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि स्थानीय जन समुदाय को चिकित्सा सेवाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

इस अवसर पर उनके साथ सीएचसी डोईवाला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ के एस भंडारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ कैलाश गुंज्याल, विभागीय जे ई प्रदीप कुमार, कार्यदायी संस्था के अधिकारी सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *