विदेश से ट्रांसफर रकम पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई पर मुकदमा दर्ज
रुड़की : झबरेड़ा थाना इलाके में दुबई से अलग-अलग बैंक खातों में करीब सवा दो करोड़ रुपये आने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक रविन्द्र कुमार ने जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को आशंका है कि यह रकम संगठित गिरोह के माध्यम से देश-विदेश से भेजी गई है और इसका उपयोग अवैध लेनदेन तथा बेनामी संपत्ति बनाने में किया जा सकता है।
पुलिस के अनुसार कोटवाल आलमपुर निवासी सोनू मलिक से पूछताछ की गई। उसने बताया कि वह मूल रूप से सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव चौंदाहेड़ी का रहने वाला है और करीब पांच साल पहले झबरेड़ा के कोटवाल आलमपुर में आकर बस गया था। उसका परिवार यहीं रह रहा है। वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा है, जबकि उसके भाइयों के नाम मोनू मलिक, अमजद, तालिब और दानिश हैं। सोनू ने पुलिस को बताया कि वह कभी विदेश नहीं गया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसकी साली की शादी सहारनपुर के मोहल्ला खाताखेड़ी निवासी इकराम से हुई है। इकराम का भाई इमरान दुबई में रहता है और इकराम भी पहले दुबई में रह चुका है। सोनू के मुताबिक करीब दो महीने पहले उसके बैंक खाते में पांच से छह लाख रुपये की रकम आई थी। इसके बाद झबरेड़ा स्थित उसके एक अन्य खाते में भी इतनी ही राशि ट्रांसफर हुई। इससे पहले उसके खाते में कभी इतनी बड़ी रकम नहीं आई थी।
सोनू ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले उसके साले शाहरूख ने उसका खाता नंबर लिया था और कहा था कि उनके खाते में कुछ पैसे आएंगे, जिनमें से कमीशन काटकर बाकी रकम इकराम या उसके बताए व्यक्ति को देनी होगी। इसी तरह उसके भाई मोनू मलिक के खाते में भी 15 से 16 लाख रुपये जमा हुए। परिवार के अन्य सदस्यों के खातों में भी लाखों रुपये ट्रांसफर किए गए। पुलिस के अनुसार कुल मिलाकर लगभग दो करोड़ 25 लाख रुपये अलग-अलग खातों में पहुंचे हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ अन्य लोगों के खातों में भी संदिग्ध रकम जमा हुई है। पुलिस को शक है कि यह पूरा मामला आपराधिक षड्यंत्र के तहत अवैध धन के लेनदेन और बेनामी संपत्ति अर्जित करने से जुड़ा हो सकता है। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रकरण में पुलिस ने सोनू मलिक, मोनू मलिक, तालिब, एहसान, शहजाद, कार्तिक शर्मा, शाहरूख, इमरान, इकराम और शौकीन उर्फ वसीम सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और नाम भी सामने आ सकते हैं।