Fri. Apr 25th, 2025

पोप फ्रांसिस को अंतिम विदाई देने वेटिकन पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू

नई दिल्ली/वेटिकन सिटी  : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वेटिकन सिटी के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हो गईं। उनके साथ केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजीजू, राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष जोशुआ डी सूजा भी गए हैं।राष्ट्रपति सचिवालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए यह जानकारी दी कि यह यात्रा भारत सरकार और देशवासियों की ओर से पोप फ्रांसिस के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए की जा रही है।

राष्ट्रपति मुर्मू शुक्रवार को वेटिकन सिटी स्थित ऐतिहासिक सेंट पीटर बेसिलिका में पुष्पांजलि अर्पित कर पोप को श्रद्धांजलि देंगी। इसके बाद 26 अप्रैल को वह सेंट पीटर्स स्क्वायर में आयोजित अंतिम संस्कार समारोह में भाग लेंगी, जिसमें दुनिया भर से अनेक राष्ट्राध्यक्ष, गणमान्य व्यक्ति और धार्मिक नेता उपस्थित होंगे।88 वर्षीय पोप फ्रांसिस का निधन इस सप्ताह ईस्टर सोमवार को हुआ था। वे पिछले लगभग 1,300 वर्षों में पहले गैर-यूरोपीय पोप थे और विश्वभर में उनके मानवीय कार्यों और धार्मिक सौहार्द के लिए उन्हें याद किया जाता है।भारत सरकार ने पोप फ्रांसिस के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *