Sat. Feb 14th, 2026

पुष्कर सिंह धामी ने किया नड्डा का स्वागत, चुनावी एजेंडे पर मंथन शुरू

देहरादून: जेपी नड्डा के जौलीग्रांट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जौलीग्रांट स्थित एक होटल में पार्टी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसकी अध्यक्षता जेपी नड्डा करेंगे।

भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ रणनीति को धार देने में जुट गई है। कोर कमेटी की बैठक में मुख्य रूप से चुनावी एजेंडे पर चर्चा होगी। इसमें यह तय किया जाएगा कि पार्टी किस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी, चुनावी अभियान की रूपरेखा क्या होगी और विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को किस तरह सक्रिय किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनता तक पहुंचने की रणनीति भी निर्धारित की जाएगी।

हाल ही में पार्टी द्वारा कराए गए पहले चरण के सर्वे की रिपोर्ट भी बैठक में चर्चा का प्रमुख आधार होगी। सर्वे के जरिए यह आकलन किया गया है कि किन सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत है और किन क्षेत्रों में संगठन को अतिरिक्त मेहनत की जरूरत है। विधायकों और मंत्रियों के प्रदर्शन पर भी विचार किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वर्तमान विधायक अपनी-अपनी सीटों पर ही आगामी चुनाव की तैयारी करें। पार्टी की रणनीति के तहत किसी भी विधायक या मंत्री की सीट बदलने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। कोर कमेटी की बैठक को आगामी चुनावी दिशा तय करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *