Wed. Feb 4th, 2026

यमकेश्वर में रेव पार्टी का भंडाफोड़, 37 युवक-युवतियां पुलिस के हत्थे चढ़े

पौड़ी : उत्तराखंड के यमकेश्वर क्षेत्र में पौड़ी पुलिस ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने गंगा भोगपुर तल्ला स्थित एक रिजॉर्ट में चल रही अवैध रेव पार्टी में शामिल 37 युवक-युवतियों को पकड़ लिया। घटना की जानकारी तब सामने आई जब थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि हरिद्वार चीला नहर के पास बने इवाना रिजॉर्ट में गैर राज्यों से पहुंचे कुछ युवक-युवतियां रेव पार्टी का आयोजन कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल ने विशेष टीमों के साथ मौके पर दबिश दी।

पुलिस जब रिजॉर्ट पहुंची तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। रिजॉर्ट परिसर में तेज संगीत के बीच युवक-युवतियां पार्टी करते मिले। पुलिस ने मौके से कुल 37 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 28 पुरुष और नौ महिलाएं शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह सभी लोग अलग-अलग राज्यों से उत्तराखंड पहुंचे थे और बिना अनुमति के रेव पार्टी का आयोजन कर रहे थे।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उपजिलाधिकारी यमकेश्वर द्वारा क्षेत्र के सभी रिजॉर्ट और कैंपिंग गतिविधियों को पहली जुलाई से मानसून और बरसात के मद्देनज़र बंद करने के आदेश जारी किए गए थे। इन आदेशों के बावजूद रिजॉर्ट स्वामी प्रशांत के द्वारा गंगा भोगपुर स्थित इवाना रिजॉर्ट का संचालन किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में रिजॉर्ट स्वामी की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *