Wed. Feb 4th, 2026

आरडीएक्स फैक्ट्री विस्फोट : धमाके की तीव्रता से इमारत के हिस्से उड़कर दूर गिरे, कई श्रमिक घायल

नागपुर : महाराष्ट्र के नागपुर जिले के बाजारगांव स्थित ‘सोलर एक्सप्लोसिव्स’ की आरडीएक्स इकाई में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय मयूर गणवीर के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अधिकांश की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

विस्फोट देर रात करीब साढ़े 12 बजे कंपनी के सीबी-1 प्लांट में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके से पहले प्लांट से धुआं उठता दिखा, जिसके बाद वरिष्ठ कर्मचारियों ने सभी को बाहर निकलने के निर्देश दिए। अधिकतर कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन मयूर गणवीर बाहर नहीं आ पाए और शक्तिशाली विस्फोट की चपेट में आ गए। धमाका इतना जोरदार था कि इमारत के हिस्से कई मीटर दूर तक उड़ गए और उड़ते मलबे ने कई श्रमिकों को घायल कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। पहले यह सुनिश्चित किया गया कि दूसरा धमाका न हो, उसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। विस्फोट के बाद कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया ताकि कोई नई दुर्घटना न हो।

घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। ढांडे अस्पताल के आईसीयू प्रभारी डॉ. नृपाल ढांडे ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे घायल वहां लाए गए। दो मरीज गंभीर रूप से घायल थे और उनके सिर में चोटें थीं, जिन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। सात घायलों का इलाज जारी है, जबकि कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस और प्रशासन फैक्ट्री में विस्फोट के कारणों की जांच में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *