Mon. Feb 16th, 2026

अमर बलिदान को सलाम: मेजर चित्रेश बिष्ट की स्मृति में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि समारोह

देहरादून : 16 फरवरी को मेजर चित्रेश सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें याद किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने नेहरू कालोनी स्थित शहीद के आवास पहुंचकर उनके माता-पिता से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना देते हुए कहा कि मेजर चित्रेश बिष्ट का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है और उनके त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

शहीद दिवस के अवसर पर नेहरू कालोनी स्थित शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश की रक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मेजर चित्रेश बिष्ट ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी और उनका साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

शहीद के माता-पिता ने भी इस अवसर पर उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें अपने पुत्र के बलिदान पर गर्व है। उन्होंने कहा कि जब तक देश ऐसे वीर सपूतों को याद करता रहेगा, तब तक उनका बलिदान अमर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *