Fri. Apr 18th, 2025

स्कूल संचालक के घर दिन दहाड़े लूट,गहने लेकर लुटेरे फरार

देहरादून: राजधानी में बदमाशों के हौंसले फिर बुलंद होने लगे है और वो दिन दहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं। आपको बता दें कि बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने दिन दहाड़े एक स्कूल संचालक के घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया है । मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों ने परिवार की महिलाओं को तमंचे और चाकू के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट को अंजाम दिया ।

जानकारी के अनुसार बदमाश सोने के कई जेवर और करीब 12 हजार की नगदी लूटकर फरार हो गए। घटना दोपहर करीब 12 बजे नेहरू कॉलोनी सी ब्लॉक में वीके अग्रवाल के घर की है। अग्रवाल एमडीडीए से इंजीनियर पद से रिटायर हैं। उनका बेटा संदीप नेहरू कॉलोनी में ही सेंट एनी स्कूल चलाता है। आज दोपहर संदीप की पत्नी,बहन और मां घर में मौजूद थे।

करीब बारह बजे उनके घर में एक युवक घुसा। उसके पीछे तीन और बदमाश घुस गए। इनमें से एक के पास तमंचा और तीन के पास चाकू था। घर के नीचे हिस्से में वीके अग्रवाल की पत्नी और बेटी थीं। बदमाशों ने उन्हें डराते हुए जेवर और कीमती सामान मांगा।दोनों महिलाओं ने जेवर और नगदी दे दी।

इसी बीच ऊपर कमरे में मौजूद संदीप की पत्नी ने शोर सुनकर अपने पति को फोन किया। यह सुनकर बदमाश वहां से भाग निकले। बताया जा रहा है कि बदमाश स्कूटी से आए थे। एसपी सिटी सरिता डोबाल ने बताया कि बदमाश चार थे। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *