Tue. Feb 17th, 2026

मजदूर दंपती की संदिग्ध मौत, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

संभल : जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जुनावई इलाके के खेड़ामानी गांव में मंगलवार सुबह एक दंपती के शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटके मिले। मृतकों की पहचान खोराज यादव और उनकी पत्नी सरोज के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद खिड़की से अंदर झांककर देखा गया तो दोनों के शव एक ही साड़ी से फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर परिवार और आसपास के लोग सन्न रह गए। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, सरोज नौ महीने की गर्भवती थी और प्रसव का समय चल रहा था। दंपती का एक साल का बच्चा भी है। खोराज यादव मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। दोनों की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रतीत होता है कि दंपती ने रात के समय किसी वक्त यह कदम उठाया है। हालांकि उन्होंने आत्महत्या जैसा कठोर निर्णय क्यों लिया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। परिजन इस त्रासदी से गहरे सदमे में हैं और किसी को भी यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे दंपती ने इतना बड़ा कदम उठा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *