तीन दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी में तकनीक का तड़का, डिजिटल आई-कार्ड की सुविधा
देहरादून: उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय इस बार लोक भवन में आयोजित वसंतोत्सव के दौरान तकनीक का विशेष उपयोग कर रहा है। 27 फरवरी से एक मार्च तक चलने वाले तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2026 (पुष्प प्रदर्शनी) का शुभारंभ शुक्रवार सुबह 10 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने किया। पहले दिन यह आयोजन दोपहर एक बजे से शाम छह बजे तक आम जनता के लिए खुला रहा, जबकि 28 फरवरी और एक मार्च को सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल ने फूलों से सुसज्जित विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को महोत्सव की जानकारी देंगे और अधिक से अधिक लोगों को लोक भवन तक आकर्षित करने का कार्य करेंगे।
इस वर्ष आगंतुकों की संख्या का सटीक आकलन करने के लिए लोक भवन के मुख्य द्वार पर एआई-सक्षम कैमरे लगाए गए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से तैयार की गई डिजिटल प्रणाली के माध्यम से प्रवेश करने वाले लोगों की गणना स्वतः हो सकेगी। इसके अतिरिक्त, इच्छुक आगंतुक वेबसाइट https://vmsbutu.live/पर स्वैच्छिक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद उन्हें एक डिजिटल आई-कार्ड प्राप्त होगा, जिसे वे अपने मोबाइल पर सुरक्षित रख सकेंगे। यह पंजीकरण पूरी तरह ऐच्छिक है और बिना पंजीकरण के भी आमजन महोत्सव में शामिल हो सकते हैं।