Sun. Feb 15th, 2026

केदारनाथ-बदरीनाथ धाम के वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित के निधन से धार्मिक जगत शोकाकुल

देंहरादून / रुद्रप्रयाग : बीकेटीसी सदस्य व वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती (84) का निधन हो गया। उनके निधन से तीर्थ समाज, मंदिर समिति और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। गुप्तकाशी के लंबगोंडी गांव निवासी श्रीनिवास पोस्ती लंबे समय तक धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। वे लगातार चार बार बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्य रहे और केदार सभा सहित विभिन्न धार्मिक संगठनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे।

धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और मंदिर व्यवस्थाओं के संचालन में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। वे भगवान केदारनाथ और बदरी विशाल की सेवा को अपना जीवन धर्म मानते थे। तीर्थ पुरोहित के रूप में उनकी पहचान सौम्य, सरल और समर्पित व्यक्तित्व के रूप में रही।

उनके निधन पर बीकेटीसी अध्यक्ष ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीनिवास पोस्ती का सौम्य स्वभाव, सेवा भाव और धर्मकार्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने कहा कि उनका निधन तीर्थ समाज और मंदिर समिति के लिए अपूरणीय क्षति है।

इस दुखद अवसर पर मंदिर समिति के समस्त पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। क्षेत्रवासियों ने भी उनके निधन को धार्मिक जगत के लिए बड़ी क्षति बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *