Sat. Feb 14th, 2026

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका अहम : नड्डा

देहरादून: जेपी नड्डा शनिवार को देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने हिमालयन यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल होने के साथ-साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने स्वामी राम की समाधि स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने इसे एक ऐतिहासिक और विशेष दिन बताया, जहां एक यात्रा समाप्त कर नई यात्रा की शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में उनके माता-पिता और गुरुजनों का विशेष योगदान होता है, जिनके प्रयासों से छात्र इस मुकाम तक पहुंचते हैं। उन्होंने स्वामी राम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका विजन मानवता की सेवा पर आधारित था और आज उसी सोच को विश्वविद्यालय आगे बढ़ा रहा है, जहां केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि मानव निर्माण पर भी ध्यान दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में बड़े कदम उठाए गए हैं और भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

समारोह के दौरान मेडिकल, एलाइड हेल्थ, नर्सिंग, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, योग विज्ञान और बायो साइंसेज संकायों के कुल 1001 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं। इसके अलावा 31 मेधावी छात्रों को अकादमिक पुरस्कार, दो छात्रों को स्वामी राम बेस्ट ग्रेजुएट अवॉर्ड तथा 14 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया था। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजय धस्माना ने जानकारी दी कि वर्ष 2016 में आयोजित पहले दीक्षांत समारोह में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी मुख्य अतिथि थे। वर्ष 2017 में दूसरे दीक्षांत समारोह में तत्कालीन उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भाग लिया।

इसके बाद तीसरे दीक्षांत समारोह में बेबी रानी मौर्य, चौथे समारोह में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा वर्ष 2022 में आयोजित पांचवें दीक्षांत समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि रहे। इसके अतिरिक्त छठे और सातवें दीक्षांत समारोह में गुरमीत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *