Wed. Feb 4th, 2026

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मौत की रफ्तार—एक ही झटके में बुझ गए तीन घरों के चिराग

अमेठी :  जिले के बाजार शुकुल क्षेत्र से होकर गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। आसपास के लोग तुरंत पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

थाना अध्यक्ष अवनीश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। कार की स्थिति इतनी खराब थी कि शव बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान कानपुर नगर निवासी अर्पित विश्वकर्मा पुत्र बसंत लाल, लखनऊ निवासी विमल पांडेय पुत्र रामसुंदर और विनय दुबे (पता अज्ञात) के रूप में की गई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं, थाना अध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में शामिल क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और फिलहाल एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह सामान्य है।यह हादसा एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही की भयावह तस्वीर सामने लाता है। कुछ ही क्षणों में तीन परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। घटनास्थल पर मौजूद लोग इस भयावह मंजर को देखकर दहल उठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *