Wed. Feb 4th, 2026

हरदोई-उन्नाव मार्ग पर दर्दनाक हादसा, आग में तीन लोग जिंदा जलकर राख

उन्नाव : एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार तड़के हरदोई-उन्नाव मार्ग पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के मरी कंपनी मोड़ के पास दो ट्रकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।

पुलिस के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ। उन्नाव से हरदोई की ओर जा रहा एक डंपर और हरदोई से उन्नाव की ओर आ रही एक डीसीएम आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों को आग ने घेर लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर मौजूद लोग कुछ कर नहीं सके। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन पूरी तरह आग के गोले में तब्दील हो गए थे, जिसके कारण किसी को भी पास जाने की हिम्मत नहीं हुई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चंद्रकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू करने में करीब तीन घंटे लग गए और सुबह छह बजे के बाद ही आग पर नियंत्रण पाया जा सका। हादसे में कानपुर देहात निवासी डंपर चालक पवन यादव, जालौन निवासी उसका सहायक सुमित और संभल निवासी डीसीएम चालक महिपाल की जलकर मौत हो गई। वहीं, डीसीएम चालक का सहायक सोनू गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंजमुरादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबे समय तक वाहनों की कतार लगी रही और करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इस क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। यह हादसा परिजनों और स्थानीय लोगों के लिए गहरे सदमे की तरह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *