Tue. May 20th, 2025

“सोमेश्वर में तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर गूंजा राष्ट्रगौरव”

सोमेश्वर/अल्मोड़ा : भारतीय सेना के गौरवशाली “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता के उपलक्ष्य में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सोमेश्वर में “तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा” का भव्य आयोजन किया गया। यह यात्रा कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या के नेतृत्व में उनके सोमेश्वर आवास से प्रारंभ होकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. हुकम सिंह बोरा की स्मृति में बने स्मारक तक निकाली गई।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर पूरी दुनिया के सैन्य इतिहास में एक मील का पत्थर है। भारत ने यह साबित कर दिया है कि वह आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी तरह सक्षम है। यह केवल सैन्य विजय नहीं, बल्कि देश की अस्मिता और सम्मान की जीत है।”

उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है जिसने एक परमाणु शक्ति संपन्न दुश्मन देश के भीतर 100 किलोमीटर अंदर जाकर आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया। यह भारत की ताकत, रणनीति और नेतृत्व की दृढ़ता का प्रतीक है।

मंत्री आर्या ने यह भी कहा कि “जो भी भारत की बहन-बेटियों के सिंदूर को उजाड़ने का दुस्साहस करेगा, हमारी सेनाएं उसे घर में घुसकर समाप्त करेंगी।” यात्रा के दौरान आम जनता ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और जगह-जगह फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, जगदीश डंगवाल, गणेश जलाल, दीपक सिंह बोरा, हरीश परिहार, भुवन जोशी, राजेंद्र, अंजलि जोशी, पुष्कर मेहता, खड़क सिंह नेगी, राजेंद्र पांडे, नवीन चंद्र पांडे सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सड़क नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास

इसी दिन कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में बागेश्वर-सोमेश्वर-द्वाराहट-रानीखेत मोटर मार्ग के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। यह कार्य बिन्ता-सोमेश्वर-गिरीछीना प्रभाग के 30 से 34 किमी और 45 से 48 किमी तक किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत ₹189.22 लाख है।

इस अवसर पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को आवागमन में कोई असुविधा न हो।यह आयोजन क्षेत्रीय विकास और राष्ट्रीय गर्व दोनों की प्रतीक बनकर सामने आया, जिसमें आम जनता की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक ऐतिहासिक दिन बना दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *