विक्रम शर्मा मर्डर केस सुलझा, दो आरोपी अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार
देहरादून: सिल्वर सिटी मॉल में दिनदहाड़े हुई विक्रम शर्मा की हत्या का मामला अब काफी हद तक सुलझा लिया गया है। एसटीएफ उत्तराखंड और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए साजिश में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिशें जारी हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि महीनों की सुनियोजित साजिश का नतीजा थी। आरोपियों ने विक्रम शर्मा को पहले जमशेदपुर और नोएडा में निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन हर बार उसके साथ लोगों की मौजूदगी के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। करीब तीन महीने पहले साजिश में शामिल एक आरोपी ने उस जिम में नौकरी तक कर ली थी, जहां विक्रम शर्मा रोजाना कसरत करने जाता था। इसी दौरान उसने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और बाकी साथियों को सूचनाएं देता रहा।
घटना वाले दिन भी जिम में उसकी मौजूदगी की जानकारी फोन के जरिए साथियों तक पहुंचाई गई। जैसे ही विक्रम शर्मा जिम से बाहर निकला, घात लगाए हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। फरारी के लिए उन्होंने हरिद्वार से किराये पर ली गई स्कूटी और बाइक का इस्तेमाल किया, ताकि पहचान से बचा जा सके।
हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए जांच को आगे बढ़ाया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं। इसके बाद टीमों ने जमशेदपुर और नोएडा में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि विक्रम शर्मा का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह कई मामलों में नामजद था। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। एसएसपी देहरादून ने वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।