Sat. Apr 19th, 2025

महिला का शव बैग में डालकर हाईवे किनारे फेंका, दुष्कर्म की आशंका

उधमसिंहनगर : नेशनल के हाईवे किनारे एक बैग में महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका है कि महिला से दुष्कर्म करने के बाद उसका गला दबाकर हत्या की गई है। शव मिलने की सूचना पर एसएसपी और एसपी सिटी मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शिनाख्त कराने के लिए शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर करीब 3‘30 बजे एनएच 74 काशीपुर हाईवे के किनारे मोहनपुर नंबर एक गांव में कुछ बच्चे बकरी चरा रहे थे। बच्चों ने हल्दी के खेत में संदिग्ध हालत में बड़ा बैग पड़ा देखा। बच्चों की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

पुलिसकर्मियों ने बैग खोलकर देखा तो उसमें प्लास्टिक की पन्नी में एक महिला का शव मिला। महिला के गले में दुपट्टा लिपटा था और उसकी नाक से खून बह रहा था। महिला की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ सिटी निहारिका तोमर के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, मगर सफलता नहीं मिल सकी। महिला की हत्या कर उसके शव को बैग में ठूंसा गया था। शव की हालत देखकर लग रहा है कि वह 24 घंटे से ज्यादा पुराना नहीं है। मृतका का चेहरा साफ पहचान में आ रहा है। चर्चा है कि शव आसपास के क्षेत्रों के साथ ही सीमा से सटे यूपी क्षेत्र की किसी महिला का है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एसएसपी का कहना है कि मामले को सुलझाने के लिए थाना क्षेत्र में टीमों का गठन किया गया है। इस मामले में एसओजी को भी लगाया जाएगा। आपको बता दें कि दिनेशपुर के मोहनपुर नंबर एक की तरह किच्छा में तकरीबन ढाई महीने पहले बैग में महिला का शव बरामद हुआ था। 31 जुलाई को हल्द्वानी मार्ग पर बेनी मजार के पास नदी किनारे बैग मिला था। महिला का शव अर्द्धनग्न हालत में था। अंदेशा था कि दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या कर छिपाने के मकसद से शव को फेंका गया था।

काफी कोशिश के बाद पुलिस महिला की हत्या की गुत्थी नहीं सुलझा सकी है। इस घटना के दो महीने के बाद एसआई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस महिला की न तो शिनाख्त कर सकी और न ही इस मामले का अब तक खुलासा कर सकी है। वहीं बुधवार दोपहर मोहनपुर नंबर एक में सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में एक बैग पड़े होने और उसमें कोई संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिली थी। जब बैग को खोला गया तो उसमें महिला का शव बरामद हुआ है। महिला की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है। इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश हो रही है।

मणिकांत मिश्रा, एसएसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *