Fri. Apr 18th, 2025

चारधाम यात्रा के पुराने मार्गों को ढूंढेगा 25 सदस्यीय ट्रेकर्स का दल, सीएम ने फ्लैग ऑफ कर रवाना किया

अभिज्ञान समाचार/ देहरादून।

हिमालयी क्षेत्र में स्थित चारधाम के पुराने मार्गों को खोजने के लिए 25 सदस्यीय दल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड ने ट्रैक द हिमालय के साथ मिलकर यह अभियान शुरू किया है। दल चारधाम ट्रैक पर पुराने मार्गों को खोजने के लिए 1200 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगा।

अभियान दल लगभग 50 दिनों तक चार धामों के उन पुराने मार्गों को खोजेगा जो शीतकालीन चार धाम यात्रा मार्ग को जोड़ते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्रेकर्स को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह गर्व का क्षण है कि हमारे पास उत्तराखंड की पुरानी पगडंडियों का पता लगाने के लिए एक युवा बल है। यह पहल हमारी सदियों पुरानी विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। इस अभियान से उत्तराखंड में साहसिक खेलों को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण जागरूकता फैलाने, होमस्टे, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर, अपर सचिव युगल किशोर पंत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल अश्विनी पुंडीर, अपर निदेशक विवेक सिंह चौहान व अपर निदेशक पूनम चंद मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *