Sun. Apr 26th, 2026

सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में 28 नक्सली मारे गए

 

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 28 नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले की सीमा में अबूझमाड़ के थुलथुली गांव के जंगल में यह मुठभेड़ हुई। पुलिस के कुछ अधिकारियों ने हालांकि 30 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले से सुरक्षाबलों के संयुक्त दल को गोवेल, नेंदूर और थुलथुली गांव की ओर रवाना किया गया था। सुरक्षाबलों के दल में जिला रिजर्व गार्ड विशेष कार्य बल के जवान शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार अपराह्न लगभग एक बजे नक्सलवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने इस मुठभेड़ में 28 नक्सलियों को मार गिराया है और मुठभेड़ स्थल से एके 47 और एसएलआर समेत कई हथियार बरामद किये हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सभी जवानों के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *