Thu. Sep 3rd, 2026

42वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप का भव्य समापन

हरिद्वार : खेल मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को 42वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप और 28वीं नेशनल पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पदक विजेताओं को सम्मानित किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के 18 राज्यों से आए 700 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड अब धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ खेल पर्यटन का भी तीर्थ स्थल बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीते तीन दिनों में उन्होंने चार राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन और समापन किया, जिससे स्पष्ट होता है कि उत्तराखंड अब केवल देवभूमि नहीं, बल्कि खेलभूमि भी बन रहा है।

रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि यह अनुशासन, प्रतिबद्धता, ईमानदारी और समर्पण जैसे महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों को भी सिखाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।

मंत्री ने यह भी कहा कि भारत सरकार के प्रयासों से 2036 ओलंपिक भारत में होने की संभावना है, ऐसे में खिलाड़ियों को अभी से ही लक्ष्य तय कर तैयारी में जुट जाना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिस तरह उत्तराखंड से हर घर से एक सैनिक निकलता है, उसी तरह आने वाले समय में हर घर से एक खिलाड़ी भी निकलेगा।

समारोह में ‘फादर ऑफ ताइक्वांडो इन इंडिया’ कहे जाने वाले डॉ. जिमी आर. जगत्यानी, ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के निदेशक पीटर जगत्यानी, जिला खेल अधिकारी शबाली गुरुंग, देवभूमि उत्तराखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश कुमार, महासचिव राहुल धीमान, तकनीकी निदेशक मनोज त्यागी, आनंद भारती और जितेन्द्र सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *