Tue. Apr 21st, 2026

बागेश्वर में मंदिरों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को 58.64 लाख जारी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों और योजनाओं के लिए करोड़ों की धनराशि स्वीकृत की है। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में जिला मुख्यालय के निकट मुडियानी में उद्यान फार्म बनाए जाने हेतु 37.51 लाख रुपये और अमोडी में हाउस ऑफ हिमालयाज के विपणन केंद्र की स्थापना के लिए 49.82 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

देहरादून जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 86, सेवला कलां में पुरानी जीर्णशीर्ण पाइप लाइन बदलने के लिए 60 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में शिखर मूल नारायण परिसर अलखनाथ मंदिर किलपारा, काण्डा, सिमकुला, घटवारिया, शिव मंदिर सुंदर गुफा कांडा, बज्यैण मंदिर ढाई ईजर और नंदा देवी मंदिर दोफाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और अलखनाथ मंदिर किलपारा के सौंदर्यीकरण के लिए 58.64 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

टिहरी जिले के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र में द्वारिकापुरी में यात्रियों के लिए यात्री विश्राम गृह के निर्माण हेतु 60 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में ग्रामीण पीएचसी और उपकेंद्रों को स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्र में परिवर्तित करने की योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 35.50 करोड़ रुपये की राशि अवमुक्त करने की स्वीकृति दी है।

इसी क्रम में सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2024-25 की प्रथम किस्त के रूप में अनाबद्ध/अनिर्दिष्ट अनुदान के अंतर्गत 39.41 करोड़ रुपये और आबद्ध/निर्दिष्ट अनुदान के अंतर्गत 59.11 करोड़ रुपये की राशि अवमुक्त करने की भी स्वीकृति दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *