Sun. Jul 19th, 2026

होली मनाने घर लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, दो की मौके पर मौत

Agra में बाह-फतेहाबाद मार्ग पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4:53 बजे अरनोटा पुल के पास हुआ। कार चालक भूरी सिंह पुत्र सरनाम सिंह, निवासी अनुपुरा थाना गोहद, जिला भिंड, मध्य प्रदेश, नोएडा से अपने परिवार और परिचितों के साथ होली का त्योहार मनाने अपने गांव जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी चंद्रिका, बेटियां अन्यया (11), शिवन्या (7), तनु (5), उनके साथी रामकुमार (45) पुत्र बांकेलाल, उनकी पत्नी रेखा (40) और उनके बच्चे सुशांत (11) व मनदीप (8) सवार थे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार बाह-फतेहाबाद मार्ग पर अरनोटा पुल के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पांच वर्षीय तनु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आगे की सीट पर बैठे रामकुमार गंभीर रूप से घायल होकर कार में फंस गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को काटकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी भी मौत हो चुकी थी।

कार में सवार अन्य सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *