Fri. Jul 24th, 2026

अग्निवीर बनने का सुनहरा अवसर, जेसीओ से नर्सिंग असिस्टेंट तक कई पदों पर भर्ती

देहरादून: भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में भर्ती कैंप आयोजित करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई से 6 अगस्त तक अलग-अलग तिथियों में विभिन्न पदों के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी।

सेना भर्ती कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 27 जुलाई को धार्मिक शिक्षक (जेसीओ) और हवलदार एजुकेशन पदों के लिए उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 28 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) पद के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी, जबकि 29 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) और सिपाही फार्मा पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संपन्न होगी।

इसके बाद 30 जुलाई को बागेश्वर जिले में भर्ती कैंप लगाया जाएगा। 31 जुलाई को बागेश्वर और नैनीताल के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती होगी। एक अगस्त को नैनीताल, दो अगस्त को नैनीताल और ऊधम सिंह नगर, तीन अगस्त को ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा, जबकि चार और पांच अगस्त को अल्मोड़ा जिले में भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे। अंतिम चरण में छह अगस्त को अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती कार्यक्रम आयोजित होगा।

सरकारी घोषणाओं से युवाओं में बढ़ा उत्साह

राज्य सरकार ने अग्निवीरों के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। सरकार के अनुसार अग्निवीर सेवा पूरी करने वाले युवाओं को समूह ‘ग’ की सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा स्वरोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता और विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

सरकार की इन घोषणाओं के बाद माना जा रहा है कि इस बार अग्निवीर भर्ती में युवाओं की भागीदारी और उत्साह पहले की तुलना में अधिक देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *