देहरादून में सजेगा साहित्य का महाकुंभ, जुटेंगे दिग्गज सितारे
देहरादून : साहित्य, संगीत, सिनेमा और कला जगत की जानी-मानी हस्तियों से देहरादून एक बार फिर गुलजार होने जा रहा है। शुक्रवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में देशभर की कई चर्चित हस्तियां हिस्सा लेंगी। 27 से 29 नवंबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में संगीतकार एआर रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, संगीतकार विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह और अभिनेता राज बब्बर सहित कई दिग्गज अपनी कला और अनुभवों को साझा करेंगे। अमर उजाला इस आयोजन का मीडिया सहयोगी है।
इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ रखी गई है। इसके माध्यम से जीवन के अनुभवों, साहित्य की समृद्ध परंपरा और समाज पर रचनात्मकता के प्रभाव जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजन का खास आकर्षण एआर रहमान और इम्तियाज अली के बीच होने वाला विशेष संवाद होगा। दोनों पहली बार एक मंच पर सिनेमा, संगीत और कहानी कहने की कला के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
महोत्सव के दौरान ‘दुआ-देहरादून यूनाइटेड आर्टिस्ट्स’ नाम से एक नई सामाजिक पहल की शुरुआत भी की जाएगी। इसके तहत संगीत कार्यक्रमों की शृंखला के माध्यम से धन जुटाया जाएगा। इस राशि का उपयोग उत्तराखंड के दूरस्थ और संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों को सहायता देने और उनकी सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा। इसके साथ ही शाम के सत्रों में संगीत और नाटक की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। इन कार्यक्रमों से मिलने वाली धनराशि सामाजिक सरोकारों के कार्यों में खर्च की जाएगी।
प्रसिद्ध साहित्यकार रस्किन बॉन्ड के पहले उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने पर भी महोत्सव में खास आयोजन किया जाएगा। वर्ष 1956 में प्रकाशित इस उपन्यास की वर्षगांठ के अवसर पर पहले दिन पेंगुइन इंडिया की ओर से इसका विशेष चित्रांकित ग्राफिक संस्करण जारी किया जाएगा। यह संस्करण लेखक की साहित्यिक उपलब्धियों और उनकी लोकप्रिय कहानी को नए अंदाज में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास होगा।
साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ लेखिका ममता कालिया को ‘शिवानी-आयरन लेडी ऑफ द हिल्स’ सम्मान से नवाजा जाएगा। यह पुरस्कार कुमाऊं की प्रसिद्ध साहित्यकार शिवानी की स्मृति में स्थापित किया गया है। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के लिए लंबे समय से कार्य कर रहे पीपल बाबा को ‘गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज’ सम्मान दिया जाएगा। नई साहित्यिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रस्किन बॉन्ड लिटरेरी अवॉर्ड्स भी प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा महोत्सव में कारगिल युद्ध के वीर नायक कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन, साहस और सर्वोच्च बलिदान पर आधारित पुस्तक ‘ये दिल मांगे मोर’ को लेकर विशेष चर्चा आयोजित होगी। इसमें उनके जीवन से जुड़े अनछुए पहलुओं और देश के लिए दिए गए योगदान पर विचार साझा किए जाएंगे।