बरामदे में बैठे हेड कांस्टेबल पर चली कार्बाइन, अस्पताल में तोड़ा दम
देहरादून : एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे 49 वर्षीय हेड कांस्टेबल सुनील अपने रानीपोखरी क्षेत्र के नागाघेर स्थित आवास के बरामदे में मौजूद थे। इसी दौरान उनकी कार्बाइन से अचानक गोलियां चल गईं। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में सुनील को तुरंत उपचार के लिए हिमालय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष राजेंद्र खोलिया ने बताया कि हेड कांस्टेबल को उनकी कार्बाइन से 11 गोलियां लगी हैं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही हथियार को कब्जे में ले लिया है। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी देहात वन जया बलोनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली चलने की घटना हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद पुलिस विभाग में भी शोक की लहर है।