Sun. Apr 19th, 2026

पंतनगर में स्थापित होगा नया फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल

देहरादून: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में नागरिक उड्डयन विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य में हेली सेवाओं के संचालन में सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी परियोजनाओं में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, इसलिए राज्य में एक मजबूत हवाई नेटवर्क विकसित किया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के लिए नियमित चार्टर सेवाएं प्रारंभ करने और एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सचिव नागरिक उड्डयन श्री सचिन कुर्वे ने बताया कि पायलट प्रशिक्षण के लिए पंतनगर में एक नया फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल स्थापित किया जा रहा है, जो नागरिक उड्डयन क्षेत्र में प्रशिक्षित पायलटों की बढ़ती मांग को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। साथ ही, इसरो के सहयोग से डिजिटल मैपिंग की सुविधा विकसित की जा रही है जिससे हवाई यातायात को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके। यूकाडा के माध्यम से उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत देहरादून से जोशीमठ, जोशीमठ से बद्रीनाथ, पिथौरागढ़ से धारचूला और पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के बीच शटल सेवा शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं।

गुंजी से सीधे हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे आदि कैलाश क्षेत्र में तीर्थाटन और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं केदारनाथ हेली सेवा को और मजबूत करने के लिए गरुड़चट्टी के पास एक अतिरिक्त हेलीपैड बनाया जा रहा है।

पंतनगर और जौलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तार कार्यों की भी समीक्षा की गई। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का काम वर्ष 2027-28 तक पूर्ण होने की उम्मीद जताई गई है जबकि जौलीग्रांट एयरपोर्ट को 2026 तक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

पिथौरागढ़ हवाई पट्टी को एक क्षेत्रीय हब सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत गुंजी, मुनस्यारी और आदि कैलाश क्षेत्र की आवश्यकताओं और पर्यटन विकास की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। सीमांत क्षेत्रों में नए हेलीपैड निर्माण की योजना भी भारतीय सेना के सहयोग से प्रस्तावित है।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री सचिन कुर्वे, उकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष चौहान, अपर सचिव श्री विनीत कुमार और यूकाडा के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री संजय टोलिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *