Sun. Apr 19th, 2026

इंस्टाग्राम पर कमेंट से शुरू हुआ झगड़ा, गोली पर खत्म — बजरंग दल कार्यकर्ता की मौत

मुरादाबाद: कटघर थाना क्षेत्र के बलदेवपुरी वसंत विहार चौराहे पर सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब बजरंग दल के सूरज नगर खंड संयोजक शोभित ठाकुर उर्फ भूरा (20) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण इंस्टाग्राम पर हुए कमेंट्स को लेकर पुराना विवाद बताया जा रहा है। मृतक शोभित ठाकुर, जो दसवीं कक्षा का छात्र था, बजरंग दल से भी जुड़ा हुआ था और संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।

पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब पांच बजे की है जब शोभित अपने दोस्तों गौतम कश्यप, आदित्य और रोहित के साथ बाइक से घूमने निकला था। सभी दोस्त बलदेवपुरी वसंत विहार चौराहे पर एक दुकान के सामने खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी वहां चार आरोपी जतिन उर्फ लाला, अक्कू शर्मा, अविनाश पासी और रोहित जाटव पहुंचे और शोभित को घेर लिया। इसी दौरान अक्कू शर्मा ने शोभित की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने बाकी तीन दोस्तों को धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना शोभित के दोस्त गौतम ने उसके चचेरे भाई प्रिंस को दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और शोभित को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर फैली, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कटघर थाने के बाहर एकत्र हो गए। उन्होंने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी भी हुई। कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति करीब दो घंटे बाद उस समय शांत हुई जब एसपी सिटी और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

शोभित के पिता घनश्याम ठाकुर की तहरीर पर पुलिस ने अविनाश पासी, रोहित जाटव, अक्कू शर्मा और जतिन उर्फ लाला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि चार महीने पहले शोभित और अविनाश के बीच एक लड़की को लेकर इंस्टाग्राम पर कमेंट्स को लेकर विवाद हुआ था, जो समय के साथ व्यक्तिगत दुश्मनी में बदल गया। पुलिस को शक है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र गश्त बढ़ा दी है। इस निर्मम हत्या ने एक बार फिर से सोशल मीडिया के जरिए पनप रही दुश्मनियों और युवा वर्ग में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *