Wed. Apr 22nd, 2026

देहरादून के बाद अब गैरसैंण में गूंजेगी सियासी बहस

देहरादून: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 19 से 22 अगस्त तक विधानसभा का मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अनुमति के बाद विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी ने सत्र की तिथि और स्थान को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं।

कैबिनेट द्वारा मानसून सत्र की तारीख और स्थल तय करने का अधिकार मुख्यमंत्री को दिया गया था। भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में सत्र आयोजित करने के निर्णय के बाद शासन स्तर से आदेश जारी किए गए हैं। अब राज्यपाल की अनुमति मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय इसकी अधिसूचना जारी करेगा।

मानसून सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय को अब तक विधायकों की ओर से लगभग 450 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि सत्र में कई मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। विधानसभा सचिवालय ने सत्र के सुचारू संचालन हेतु तैयारियों को गति दे दी है। भराड़ीसैंण विधानसभा भवन के सभा मंडप में ध्वनि निरोधक व्यवस्था और डिजिटाइजेशन का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, जिसे आगामी दस दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि भराड़ीसैंण विधानसभा में ई-नेवा परियोजना के अंतर्गत डिजिटाइजेशन और अन्य तकनीकी सुधार कार्यों के चलते बजट सत्र देहरादून में आयोजित किया गया था। अब जबकि आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं लगभग पूर्ण हो चुकी हैं, सरकार ने मानसून सत्र को गैरसैंण में आयोजित करने का निर्णय लिया है, जो राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *