24 घंटे में 15 मौतों से हड़कंप, 6 ने फंदा लगाकर दी जान, 9 की संदिग्ध मौत
नोएडा : पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग इलाकों से सामने आई मौतों की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। शहर में कुल 15 लोगों की मौत की सूचना मिली है। इनमें छह लोगों के फंदा लगाकर जान देने के मामले शामिल हैं, जबकि नौ लोगों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कई मामलों में मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि नोएडा सेक्टर-39 थाना क्षेत्र की सदरपुर कॉलोनी में रहने वाले राजीव (40) ने मंगलवार रात अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला था। पुलिस घटना के कारणों का पता लगा रही है।उन्होंने बताया कि सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में रहने वाले राजू (42) ने भी बीती रात अपने किराये के मकान में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के असगरपुर गांव में रहने वाली सायरा बानो (24) ने मंगलवार रात अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।उन्होंने बताया कि बुलंदशहर के जहांगीरपुर निवासी अंकित (26) ने कथित तौर पर मानसिक तनाव के कारण जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसे ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बीटा-2 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसके अलावा फेस-1 थाना क्षेत्र के नया बांस गांव निवासी अफजल (28) और बिसरख थाना क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाले मयंक गुप्ता (34) ने भी मंगलवार रात अपने-अपने घरों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।वहीं, दादरी थाना क्षेत्र में रहने वाले टीपू सुल्तान (28) और गुड़िया (32), बिसरख थाना क्षेत्र निवासी पुलकित गौतम (26), सेक्टर-39 थाना क्षेत्र निवासी संजय कुमार (30), बीटा-2 थाना क्षेत्र निवासी अखिलेश (25), खोड़ा कॉलोनी निवासी दिनेश उर्फ गुड्डू (40), सूरजपुर थाना क्षेत्र निवासी सोनू (32), फेस-2 थाना क्षेत्र निवासी मनीष (19) और जेवर थाना क्षेत्र के चरौली गांव निवासी कर्मवीर (48) की भी मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, दिनेश उर्फ गुड्डू को उपचार के लिए नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही इन मौतों के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।