Tue. Nov 17th, 2026

सर्दियों से पहले अलर्ट, शीतलहर और बर्फबारी से निपटने की तैयारी तेज

देहरादून: उत्तराखंड में सर्दियों के मौसम में शीतलहर, पाला और बर्फबारी की आशंका को देखते हुए शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को कोल्ड वेव एक्शन प्लान अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने बुजुर्गों, अकेले रहने वाले व्यक्तियों, नवजात शिशुओं, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बेघर और निराश्रित व्यक्तियों की पहचान कर उनकी नियमित निगरानी करने को भी कहा गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि बर्फबारी से प्रभावित होने वाले दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में मार्च महीने तक खाद्यान्न, पेट्रोल, डीजल, गैस सिलिंडर और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं का अग्रिम भंडारण किया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क संपर्क बाधित होने की स्थिति में भी स्थानीय लोगों को आवश्यक सामान उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि शीतलहर से निपटने के लिए संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। इन अधिकारियों के नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर जिला एवं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्रों को उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान और शीतलहर की चेतावनियों को जिला स्तर से तहसील, विकासखंड, नगर निकाय और ग्राम पंचायतों तक समय पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही पहले से शीतलहर, पाले, बर्फबारी और अत्यधिक कम तापमान से प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित किया जाएगा। खासतौर पर उच्च हिमालयी और सड़क संपर्क से कटने की आशंका वाले इलाकों में जनजीवन और आवश्यक सेवाओं को ध्यान में रखते हुए तैयारी की जाएगी।

ठंड से बचाव के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार रैन बसेरों और अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था की जाएगी। यहां हीटर, गर्म पानी, रोशनी, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खुले में रहने वाले बेघर लोगों को सुरक्षित और गर्म आश्रय देने पर भी जोर दिया गया है।

वहीं, अधिक ठंड वाले इलाकों में बाजारों, बस अड्डों, रेलवे यात्री स्थलों, अस्पतालों और श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में अलाव जलाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध रखने के साथ ही अलाव के सुरक्षित संचालन की निगरानी भी की जाएगी। स्वास्थ्य, लोक निर्माण और खाद्य विभाग को इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संभावित बर्फबारी के कारण जिन क्षेत्रों में आवागमन बाधित होने की आशंका रहती है, वहां खाद्य सामग्री, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाएगी। मार्च तक का अग्रिम भंडारण करने के निर्देशों के तहत संबंधित विभागों को तैयारियां पूरी करने को कहा गया है, ताकि सर्दियों के दौरान किसी भी आपात स्थिति में लोगों को जरूरी सुविधाओं की कमी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *