Thu. Jun 4th, 2026

अल्मोड़ा दौरा रद्द, फोन पर कार्यकर्ताओं से बोले राहुल गांधी

देहरादून: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज अल्मोड़ा में एक जनसभा को संबोधित करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वह वहां नहीं पहुंच सके। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए थे। हालांकि, खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा में लैंड नहीं कर सका और वापस पंतनगर लौट आया।

पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि राहुल गांधी पंतनगर पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए निकले थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण वहां उतरना संभव नहीं हो सका। इसके बाद उनका हेलीकॉप्टर वापस पंतनगर एयरपोर्ट लौट आया।

अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाने के बावजूद राहुल गांधी ने फोन के माध्यम से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी का उल्लेख करते हुए कहा कि इन फैसलों से देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *