Sat. Jun 6th, 2026

उत्तराखंड में राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश, 14 दायित्वधारी घोषित

देहरादून : उत्तराखंड में राजनीतिक संतुलन साधने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने विभिन्न बोर्ड, आयोग और समितियों में नई नियुक्तियां कर दी हैं। हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार के बाद यह कदम संगठन और सरकार के बीच तालमेल को मजबूत करने के रूप में देखा जा रहा है।

शुक्रवार को जारी आदेशों के तहत कुल 14 नेताओं को अलग-अलग संस्थाओं में जिम्मेदारी सौंपी गई। इनमें देहरादून से कुलदीप सुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नैनीताल से ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा चंपावत से हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग में सदस्य, टिहरी से विनोद सुयाल को राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद में, और चंपावत से मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद में स्थान दिया गया है।

देहरादून से चारु कोठारी को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद में, चमोली से प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग में, टिहरी से खेम सिंह चौहान को ओबीसी कल्याण परिषद में, टिहरी से ही सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, अल्मोड़ा से गोविंद पिलखवात को हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद में, देहरादून से बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग में, और काशीपुर की सीमा चौहान को मत्स्य विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष बनाया गया है।

इनके अतिरिक्त वरिष्ठ भाजपा नेता भावना मेहरा और अशोक वर्मा को भी दायित्व दिए गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवनियुक्त दायित्वधारियों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *