Thu. Jul 23rd, 2026

बदरीनाथ धाम: पुलिस ने कुबेर के खजाने का किया सत्यापन, रिकॉर्ड से मिला पूरा हिसाब

चमोली/ देहरादून: बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में  पुलिस की जांच टीम ने नियमित चढ़ावा गणना के साथ मंदिर के कुबेर के खजाने में सुरक्षित रखी गई बहुमूल्य वस्तुओं और संबंधित अभिलेखों का गहन सत्यापन किया।

पूरे दिन विशेषज्ञ लेखाकारों की टीम ने खजाने में मौजूद आभूषणों एवं अन्य मूल्यवान वस्तुओं का रिकॉर्ड से बारीकी से मिलान किया। पुलिस उपाधीक्षक एवं जांच टीम के पर्यवेक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि अभिलेखों में दर्ज सभी वस्तुओं का एक-एक कर सत्यापन किया जा रहा है। अब तक की जांच में रिकॉर्ड में दर्ज सभी बहुमूल्य वस्तुएं सुरक्षित पाई गई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभिलेख और वस्तु का सूक्ष्म परीक्षण जारी है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को पूरी तरह से परखा जा सके।

वहीं, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने बदरीनाथ मंदिर परिसर के साथ समिति के विभिन्न कार्यालयों और पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच में मंदिर समिति पुलिस को पूरा सहयोग दे रही है और आवश्यक सभी अभिलेख उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *